मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ज़ी के चिरमिरी दौरे में क्षेत्र को कोई बड़ी सौगात नहीं, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपने से रोकना दुर्भाग्यपूर्ण- शिवांश जैन,

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ज़ी के चिरमिरी दौरे में क्षेत्र को कोई बड़ी सौगात नहीं, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपने से रोकना दुर्भाग्यपूर्ण- शिवांश जैन,

चिरमिरी । छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के चिरमिरी दौरे के दौरान चिरमिरी क्षेत्र की जनता को कोई बड़ी विकास सौगात नहीं मिल पाई, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण एवं निराशाजनक है। पूर्व में कांग्रेस सरकार के दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जी के दौरे पर पूर्व विधायक के प्रयासों से चिरमिरी को जिला अस्पताल, पॉलिटेक्निक कॉलेज, उद्यानकी महाविद्यालय, दो-दो आत्मानंद स्कूल आदि जैसी बड़ी घोषणाएँ एवं परियोजनाएँ प्राप्त होती थीं, लेकिन वर्तमान दौर में विकास की गति ठप्प-सी प्रतीत हो रही है।

     उपरोक्त बाते हल्दीबाड़ी के यूनियन ऑफिस में आयोजित एक पत्रकार वार्ता में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी चिरमिरी के अध्यक्ष शिवांश जैन ने कही ।

      शिवांश जैन ने आगे कहा कि कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष के रूप में मैंने मुख्यमंत्री जी को क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगों वाला ज्ञापन सौंपने का प्रयास किया, जिसमें चिरमिरी के समग्र विकास, रोजगार सृजन, पलायन रोकने, बुनियादी सुविधाओं की मजबूती आदि शामिल थे। दुर्भाग्यवश, पुलिस प्रशासन द्वारा भाजपा नेताओं के दबाव में मुझे ज्ञापन सौंपने से रोक दिया गया। और मेरे घर के बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया । ऐसा प्रतीत होता है कि भाजपा नेतृत्व को भय था कि कहीं उनकी पोल जनता के सामने न खुल जाए और विकास की कमी उजागर न हो जाए।

    श्री जैन ने आगे कहा कि यह घटना लोकतंत्र की भावना के विपरीत है, जहाँ विपक्ष की आवाज दबाई जा रही है और जनता की जायज मांगों को अनसुना किया जा रहा है।

     ब्लॉक कांग्रेस कमेटी चिरमिरी द्वारा आयोजित इस पत्रकार वार्ता में ब्लॉक अध्यक्ष शिवांश जैन के साथ चिरमिरी नगर पालिक निगम की नेता प्रतिपक्ष श्रीमती गायत्री बिरहा,

पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष सुभाष कश्यप, वरिष्ठ कांग्रेस नेता शंकर राव व वरुण शर्मा, पार्षद राहुल भाई पटेल, रवि बिरहा, अशरफ अली एवं अभिषेक जैन उपस्थित रहे । 

    ब्लॉक अध्यक्ष कांग्रेस चिरमिरी ने यह भी कहा कि चिरमिरी जनता विकास की प्रतीक्षा में है और हम लगातार संघर्षरत रहेंगे। हम मांग करते हैं कि मुख्यमंत्री चिरमिरी के लिए विशेष पैकेज घोषित करें, पुरानी घोषित परियोजनाओं को गति दें और विपक्ष की आवाज को सम्मान दें।