चिरमिरी को विकास की नई रफ्तार: सीएम साय ने 127 करोड़ के 141 कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास, पर्यटन व रोजगार पर जोर,

चिरमिरी। एमसीबी जिले के चिरमिरी नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 127 करोड़ रुपये की लागत के 141 कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इन कार्यों में सड़क, पुल, भवन, स्वास्थ्य सुविधाएं, विद्युत विस्तार, पेयजल और नगरीय विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रकल्प शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से क्षेत्र का बुनियादी ढांचा मजबूत होगा और आम जनता को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने चिरमिरी को पर्यटन हब के रूप में विकसित करने तथा स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया।
141 कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास
कार्यक्रम में 82 पूर्ण कार्यों का लोकार्पण किया गया, जिन पर लगभग 40 लाख रुपये खर्च हुए हैं। वहीं 59 नए कार्यों का शिलान्यास 8824.78 लाख रुपये की स्वीकृत राशि से किया गया। इन परियोजनाओं में पेयजल, स्वास्थ्य, अधोसंरचना और कनेक्टिविटी से जुड़े कार्य प्रमुख हैं।
विभिन्न मोर्चों ने किया स्वागत
मुख्यमंत्री का स्वागत भाजपा कमेटी, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, ओबीसी, एससी-एसटी और किसान मोर्चा के सदस्यों ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक मौजूद रहे।
पर्यटन और शिक्षा से बढ़ेंगे अवसर
महापौर रामनरेश राय ने कहा कि चिरमिरी पहले बड़ी आबादी वाला क्षेत्र रहा है, लेकिन अब यहां से पलायन बढ़ा है। पर्यटन और शिक्षा के क्षेत्र में योजनाबद्ध विकास से युवाओं को रोजगार मिल सकता है। मुख्यमंत्री ने नगर निगम को अग्निशमन वाहन उपलब्ध कराने, बकरी संवर्धन केंद्र, पुलिस चौकी और तहसील भवन स्थापित करने की घोषणा की।
धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने राजिम मेले का उल्लेख करते हुए बताया कि इस वर्ष देशभर से हजारों साधु-संत पहुंचे और सामूहिक विवाह जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए।
आवास, किसान और अन्य योजनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने बड़ी संख्या में प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए हैं और लाखों हितग्राहियों को लाभ मिला है। किसानों से धान खरीदी, महतारी वंदन योजना की किस्तें और तेंदूपत्ता संग्रहण से लाखों परिवारों को फायदा पहुंचा है। राम गमन पथ और मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत श्रद्धालुओं को अयोध्या दर्शन कराया जा रहा है।
स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि चिरमिरी में जिला अस्पताल और मनेंद्रगढ़ में 220 बिस्तरीय सिविल अस्पताल का संचालन कार्य प्रगति पर है। मेडिकल, नर्सिंग और फिजियोथैरेपी संस्थान खोलने के प्रयास भी जारी हैं। 181 करोड़ रुपये की पेयजल परियोजना के तहत घर-घर नल कनेक्शन का काम किया जा रहा है।
कृषि मंत्री का बयान
कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि इन विकास कार्यों से क्षेत्र की तस्वीर बदलेगी और सरकार गांव से शहर तक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में महापौर रामनरेश राय, जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंती सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष चंपा देवी पावले सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। संचालन शैलेंद्र मिश्रा ने किया और आभार प्रदर्शन निगम आयुक्त राम प्रसाद अचला ने किया।
Aaj ka din 












