गोदरीपारा के घर में चल रहा था अवैध महुआ शराब का कारोबार, चिरमिरी पुलिस ने 49 लीटर शराब के साथ आरोपी को किया गिरफ्तार,

गोदरीपारा के घर में चल रहा था अवैध महुआ शराब का कारोबार, चिरमिरी पुलिस ने 49 लीटर शराब के साथ आरोपी को किया गिरफ्तार,

चिरमिरी । एमसीबी जिले में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत चिरमिरी पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी के घर से 49 लीटर अवैध महुआ शराब जप्त कर उसे गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया गया है।

      पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा, पुलिस अधीक्षक एमसीबी रत्ना सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र नायक के निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक चिरमिरी दीपिका मिंज के मार्गदर्शन में अवैध नशे के कारोबारियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। 

     इसी क्रम में थाना प्रभारी विजय सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि आमानाला गोदरीपारा निवासी अंकित कुमार उर्फ शन्नी अपने घर में हाथ भट्ठी से निर्मित महुआ शराब का संग्रहण कर बिक्री कर रहा है।

     सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने गवाहों की उपस्थिति में आरोपी के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान घर के आंगन में रखी दो बोरियों से 49 पाउच अवैध महुआ शराब बरामद की गई। प्रत्येक पाउच में लगभग एक लीटर शराब भरी हुई थी। कुल 49 लीटर महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 9,800 रुपये है, जप्त कर पुलिस ने अपने कब्जे में लिया।

     कार्रवाई के दौरान आरोपी अंकित कुमार उर्फ शन्नी, पिता स्व. राजेन्द्र सिंह, उम्र 26 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 34, आमानाला गोदरीपारा को मौके से गिरफ्तार किया गया। उसके विरुद्ध थाना चिरमिरी में अपराध क्रमांक 233/2026, धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

     चिरमिरी पुलिस की इस त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई को अवैध नशे के कारोबार पर बड़ी चोट माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब, मादक पदार्थों एवं अन्य अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।

     इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी विजय सिंह, सहायक उप निरीक्षक नईम खान, पीएसआई जिज्ञासा यादव, पीएसआई अंजना ठाकुर सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।