सूरजपुर : जिलेभर में उत्साहपूर्वक मनाया गया राष्ट्रीय मतदाता दिवस    

सूरजपुर : जिलेभर में उत्साहपूर्वक मनाया गया राष्ट्रीय मतदाता दिवस    

राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर आज जिलेभर में विविध कार्यक्रमों का आयोजन कर लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर शासकीय कार्यालयों, तहसीलों, मतदान केंद्रों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों तथा नागरिकों को मतदान की शपथ दिलाई गई।

कार्यालय अनुभाग प्रतापपुर में राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता एवं निष्पक्ष मतदान की शपथ दिलाई गई। इसी क्रम में उप तहसील देवनगर में राष्ट्रीय मतदाता दिवस शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उपस्थित नागरिकों ने लोकतंत्र की मर्यादा बनाए रखने तथा प्रत्येक निर्वाचन में निर्भीक होकर मतदान करने का संकल्प लिया।

राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर मतदान केंद्र करंजवार में भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां उपस्थित शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं ग्रामवासियों को मतदान की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीण नागरिकों को मताधिकार के महत्व से अवगत कराया गया।

इसके अतिरिक्त कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सूरजपुर में भी राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लोकतांत्रिक कर्तव्यों के निर्वहन का संकल्प लिया।

जिलेभर में आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों को अधिकाधिक मतदान हेतु प्रेरित करने तथा जागरूक, जिम्मेदार मतदाता बनने का संदेश दिया गया।