मां स्व. कुंवर बेन पटेल की जन्मशताब्दी पर के. बी. पटेल ग्रुप ऑफ कॉलेज के चेयरमैन चंद्रकांत पटेल ने एक हजार से ज्यादा जरूरतमंदों को किया कंबल का वितरण
चिरमिरी के बड़ा बाजार दुर्गा पंडाल में संपन्न हुआ कार्यक्रम, महापौर राम नरेश राय सहित शहर के कई गणमान्य नागरिक रहे उपस्थित
चिरमिरी । मां स्व. कुंवर बेन पटेल की जन्मशताब्दी के अवसर पर के. बी. पटेल ग्रुप ऑफ कॉलेज के चेयरमैन चंद्रकांत पटेल ने चिरमिरी में एक हजार से ज्यादा जरूरतमंदों को कंबल का वितरण किया । यह कार्यक्रम चिरमिरी के बड़ा बाजार दुर्गा पंडाल में संपन्न हुआ, जिसमें महापौर राम नरेश राय सहित शहर के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे ।
ज्ञात हो कि इस क्षेत्र की मिट्टी से गहरा लगाव रखने वाले समाजसेवी एवं अप्रवासी भारतीय चंद्रकांत पटेल पिछले तीन दशकों से हर वर्ष सात समुंदर पार अमेरिका से अपने जन्मस्थान चिरमिरी आकर गरीबों, असहाय और जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल वितरण कर सेवा का अमूल्य कार्य करते आ रहे हैं। इस वर्ष भी उन्होंने बड़ा बाजार के दुर्गा पंडाल में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से क्षेत्र के एक हजार से ज्यादा असहाय एवं जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित कर मानवता का एक अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया। यह कार्यक्रम के. बी. पटेल ग्रुप ऑफ कॉलेज के तत्वावधान में संपन्न हुआ ।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चिरमिरी के महापौर रामनरेश राय ने इसे अत्यंत साहसिक और प्रेरणादायक कदम बताया। उन्होंने कहा कि जब रात के अंधेरे में लोग अपने घरों में ठंड से बचने की कोशिश करते हैं, तब ऐसे असहायों की चिंताओं को समझना और उनकी मदद के लिए आगे आना सचमुच अनुकरणीय कार्य है। श्री पटेल की इसी मानवीय भावना ने उन्हें समाज के बीच एक विशिष्ट स्थान प्रदान किया है।
आरएसएस के संघ संचालक प्रणव चक्रवर्ती ने श्री पटेल की सेवा भावना की प्रशंसा करते हुए कहा कि विदेश में वर्षों से बसने के बावजूद उन्होंने अपनी मिट्टी और अपने लोगों को कभी नहीं भुलाया। प्रतिवर्ष भारत आकर जरूरतमंदों की सेवा करना उनके जीवन का मुख्य उद्देश्य बन चुका है। उनसे प्रेरित होकर संगठन और समाज के लोग भी ऐसे सामाजिक कार्यों में आगे आ रहे हैं।
के. बी. पटेल ग्रुप कॉलेज के चेयरमैन एवं समाजसेवी चंद्रकांत पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि मातृभूमि और यहां के लोगों का स्नेह ही उन्हें बार-बार हजारों किलोमीटर दूर से वापस लेकर आता है। राष्ट्र के विकास के लिए समाज में जागरूकता और सेवा भाव अत्यंत आवश्यक है। सेवा से अहंकार समाप्त होता है और आध्यात्मिक उत्थान का मार्ग खुलता है। समाज में प्रेम, एकता और भाईचारा तभी बढ़ता है । हम सब एक दूसरे के लिए संवेदनशील हों। इसी सोच के साथ मै हर वर्ष चिरमिरी आकर सेवा अभियान को आगे बढ़ाने में योगदान देता आया हूं ।
कार्यक्रम के अंत में के. बी. पटेल कॉलेज के डायरेक्टर विश्वजीत बारिक ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था को गर्व है कि उसे ऐसे संस्थापक और मार्गदर्शक का साथ मिला है, जिनका उद्देश्य सदैव समाज की सेवा करना रहा है। उन्होंने बताया कि यह अभियान आगे भी इसी समर्पण के साथ जारी रहेगा।
कंबल वितरण के इस कार्यक्रम में बतौर अतिथि महापौर रामनरेश राय, संघ संचालक प्रणव मुखर्जी, भाजपा के एमसीबी जिला महामंत्री रामलखन सिंह, युवा नेता संजय सिंह, प्रमोद सिंह, उपेंद्र सिंह, अवध बिहारी जायसवाल, भाजपा के जिला कोषाध्यक्ष मुकेश जायसवाल एवं पार्षद मनीष खटीक व संजीत सिंह, विक्की नाहक सहित के. बी. पटेल ग्रुप ऑफ कॉलेज के स्टाफ व छात्र छात्राएं तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे ।
Aaj ka din 












