मोहला : सौर ऊर्जा से रोशन हुआ नगर पंचायत अध्यक्ष श्री मानिकपुरी का घर, नागरिकों को किया प्रेरित

मोहला : सौर ऊर्जा से रोशन हुआ नगर पंचायत अध्यक्ष श्री मानिकपुरी का घर, नागरिकों को किया प्रेरित

प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में एक प्रभावी पहल बनकर सामने आई है। यह योजना जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बना रही है।

अम्बागढ़ चौकी नगर पंचायत के अध्यक्ष श्री अनिल मानिकपुरी ने नगर के प्रथम नागरिक होने के नाते इस योजना का लाभ उठाकर एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है। योजना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने ऑनलाइन आवेदन कर शासन द्वारा पंजीकृत वेंडर का चयन किया और अपने निवास में सिंगल फेज कनेक्शन के साथ 3 किलोवाट क्षमता का सोलर रूफटॉप प्लांट स्थापित कराया। आज उनका घर सौर ऊर्जा से रोशन हो रहा है और बिजली पर होने वाला खर्च लगभग समाप्त हो गया है।

अनिल मानिकपुरी की यह पहल नगर के  नागरिकों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है। वे लगातार लोगों से अपील कर रहे हैं कि प्रत्येक परिवार सौर ऊर्जा को अपनाए, जिससे न केवल मासिक बिजली बिल में कमी आएगी, बल्कि ऊर्जा आपूर्ति के मामले में आत्मनिर्भर बने। उनका मानना है कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से हर घर अपनी छत पर बिजली का उत्पादन कर सकता है और स्वच्छ पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी निभा सकता है।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत सोलर रूफटॉप प्लांट स्थापित करने पर केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा आकर्षक सब्सिडी प्रदान की जा रही है। इस योजना में 1 किलोवाट सोलर प्लांट पर कुल 45 हजार रुपये, 2 किलोवाट पर 90 हजार रुपये तथा 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के प्लांट पर कुल 1 लाख 8 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जा रही है। इस सब्सिडी के कारण आम नागरिकों के लिए सौर ऊर्जा अपनाना सरल और किफायती हो गया है।

योजना अंतर्गत लगाए गए सोलर प्लांट नेट मीटरिंग के माध्यम से विद्युत ग्रिड से जुड़े होते हैं, जिससे उपभोक्ता अपनी आवश्यकता से अधिक उत्पादित बिजली ग्रिड में भेज सकता है। इससे न केवल बिजली बिल शून्य हो जाता है, बल्कि अतिरिक्त बिजली के बदले आय भी प्राप्त होती है।