गोदरीपारा के पूरे सातों वार्ड में पानी के लिए मचा है हाहाकार, सत्ताधारी भाजपा के पांच पार्षदों सहित गोदरीपारा के सभी सात पार्षदों ने एमसीबी कलेक्टर को ज्ञापन देकर की समस्या के समाधान की मांग,
गोदरीपारा में पानी सप्लाई हेतु पाईप लाईन बिछाने के ढाई साल बाद भी बड़ा बाजार के पानी टंकी से निगम नहीं करा पाया है कनेक्शन...
चिरमिरी । चिरमिरी के गोदरीपारा के पूरे सातों वार्ड में पिछले ढाई महीने से पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है । चिरमिरी नगर पालिक निगम के अधिकारियों से कई बार शिकायत करने के बाद भी जब समस्या का कोई समाधान नहीं निकला, तो परेशान होकर चिरमिरी नगर पालिक निगम में सत्ताधारी भाजपा के पांच पार्षदों सहित गोदरीपारा के सभी सात पार्षदों ने बीते मंगलवार को एमसीबी कलेक्टर डी. राहुल वेंकट को ज्ञापन देकर पानी की समस्या के समाधान की मांग की है ।
ज्ञात हो कि गोदरीपारा के सातों वार्डो में पानी की सप्लाई के लिए चिरमिरी नगर पालिक निगम द्वारा ढाई वर्ष पूर्व ही पाइप लाईन बिछाने का कार्य पूरा कर लिया गया था । लेकिन निगम द्वारा अब तक उस पाइप लाईन को बड़ा बाजार के पानी टंकी से नहीं जोड़ा गया है, जिसके कारण अब गोदरीपारा में पानी की समस्या ने विकराल रूप धारण कर लिया है । कुछ दिनों पूर्व ही गोदरीपारा के श्रमिकों ने पानी की समस्या को लेकर कुरासिया खदान से कोयले का उत्पादन ठप्प कर दिया था । कॉलरी प्रबंधन के काफी मान मनौवल के बाद ही खदान से उत्पादन प्रारंभ हो सका था ।
एमसीबी कलेक्टर डी. राहुल वेंकट को दिए संयुक्त हस्ताक्षरित ज्ञापन में गोदरीपारा के पार्षदों ने कहा है कि नगर पालिक निगम चिरमिरी क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 26, 27, 30, 31, 32, 33 एवं 34 में लगभग 10 हजार से अधिक की आबादी निवासरत है।
उक्त क्षेत्र में निगम अथवा एसईसीएल का एक भी ओवरहेड टैंक उपलब्ध नहीं है, जिसके कारण सभी वार्डों में पेयजल की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। वर्तमान स्थिति अत्यंत चिंताजनक है, जहाँ लोगों को दैनिक उपयोग हेतु भी पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। स्थानीय निवासी मजबूरीवश प्रतिदिन डिब्बों में पानी भरकर एवं टैंकर के सहारे जीवन यापन कर रहे हैं।
ज्ञात हो कि नगर पालिक निगम चिरमिरी द्वारा गोदरीपारा क्षेत्र हेतु पेयजल पाइपलाइन का कार्य पूर्ण किया जा चुका है तथा उसे चालू करने के उद्देश्य से महापौर एवं निगम अधिकारी स्थल निरीक्षण हेतु भी गए थे।
परंतु, एक व्यक्ति विशेष के विरोध के कारण उक्त कार्य प्रारंभ नहीं हो सका, जिससे आमजन को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
पार्षदों ने एमसीबी कलेक्टर से आग्रह किया है कि जनहित को दृष्टिगत रखते हुए उक्त पाइपलाइन को बड़ा बाजार पानी टंकी से जोड़कर शीघ्र जलापूर्ति प्रारंभ कराने हेतु आवश्यक निर्देश प्रदान करने की व्यवस्था करें अन्यथा क्षेत्र की जनता एवं हम सभी पार्षदगण जनहित में धरना- प्रदर्शन एवं आवश्यकता पड़ने पर आमरण अनशन करने हेतु बाध्य होंगे ।
Aaj ka din 












