रायपुर/कोरबा, 22 जून 2026: संचालक, भौमिकी एवं खनिकर्म (Director, Geology & Mining) रजत बंसल (IAS) के निर्देशानुसार केंद्रीय खनन उड़नदस्ता की संयुक्त टीम ने दिनांक 21 जून 2026 की रात्रि को जिला (M.C.B.) की तहसील केल्हारी के दंडाहस्वाही क्षेत्र में केवाई नदी, पसौरी, कुटरा तथा हसदेव नदी के किनारे स्थित स्वीकृत दो अस्थाई रेत भंडारण अनुज्ञा स्थलों का सघन निरीक्षण किया।
ड्रोन सर्वे से मापी गई रेत की मात्रा
निरीक्षण के दौरान टीम ने ड्रोन सर्वे के माध्यम से भंडारण स्थलों पर उपलब्ध रेत की मात्रा का सटीक मापन किया। जांच में दोनों स्थलों पर अनुज्ञापत्र की शर्तों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित रेत भंडारणकर्ताओं को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिवस के अंदर लिखित जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
राज्यव्यापी अभियान जारी
संचालक, भौमिकी एवं खनिकर्म रजत बंसल (IAS) के निर्देश पर राज्य के विभिन्न जिलों में पहुंच-विहीन क्षेत्रों तथा संभावित अवैध रेत उत्खनन क्षेत्रों का चिन्हांकन कर हाई-टेक ड्रोन सर्वे के माध्यम से निरंतर निगरानी की जा रही है। इसका उद्देश्य अवैध रेत खनन एवं भंडारण पर सख्त नियंत्रण रखना है।
इस संयुक्त जांच टीम में केंद्रीय खनन उड़नदस्ता के अधिकारी तथा जिला स्तरीय टीम के सदस्य मौजूद रहे।
खनन विभाग का साफ संदेश: अवैध खनन एवं भंडारण की किसी भी शिकायत पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। विभाग राज्य में रेत खनन गतिविधियों को पारदर्शी और कानून अनुरूप बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।




पाठकों की टिप्पणियां 0