मनेंद्रगढ़-बरवाडीह रेल परियोजना में फिर उठी तेजी की मांग, विजय प्रकाश पटेल ने PM मोदी को लिखा पत्र,
मनेंद्रगढ़। रेलवे डिवीजन बिलासपुर के पूर्व डीआरयूसीसी सदस्य एवं अधिवक्ता विजय प्रकाश पटेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव तथा रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष सतीश कुमार को पत्र भेजकर बहुप्रतीक्षित मनेंद्रगढ़-बरवाडीह रेल परियोजना के लंबित कार्यों में शीघ्र गति लाने की मांग की है।
पत्र में उन्होंने जिला प्रशासन मनेंद्रगढ़ द्वारा अधिग्रहित 198.39 हेक्टेयर वन भूमि का रेलवे के नाम पर परिवेश (PARIVESH) पोर्टल में डायवर्सन कराने तथा इसके बाद टेंडर प्रक्रिया तत्काल शुरू कराने के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) को आवश्यक निर्देश जारी करने का अनुरोध किया है।
विजय प्रकाश पटेल ने बताया कि वर्ष 2018 में तत्कालीन केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल एवं तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह द्वारा इस महत्वाकांक्षी रेल परियोजना का भूमि पूजन किया गया था। इसके बाद से सरगुजा एवं शहडोल संभाग के लाखों नागरिकों सहित पूरे कोयलांचल क्षेत्र के लोग परियोजना के धरातल पर उतरने का इंतजार कर रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन और रेलवे अधिकारियों के सुस्त एवं उदासीन रवैये के कारण अब तक परियोजना के लिए टेंडर भी जारी नहीं हो सका है। जबकि प्रभावित राजस्व भूमि के स्वामियों को लगभग 5 करोड़ 46 लाख रुपये का मुआवजा वितरित किया जा चुका है और प्रशासनिक स्तर पर 198.39 हेक्टेयर वन भूमि के अधिग्रहण की प्रक्रिया भी पूरी कर रेलवे को सौंप दी गई है।
पटेल का कहना है कि वन भूमि डायवर्सन की कार्रवाई लंबे समय से लंबित होने के कारण परियोजना आगे नहीं बढ़ पा रही है, जिससे क्षेत्र में निराशा और असंतोष का माहौल बन रहा है। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यशैली में अपेक्षित गंभीरता और तेजी दिखाई नहीं दे रही है।
प्रधानमंत्री से हस्तक्षेप की मांग करते हुए उन्होंने कहा कि जनभावनाओं और क्षेत्रीय विकास की आवश्यकताओं को देखते हुए सभी संबंधित विभागों को निर्देशित कर शेष प्रक्रियाओं को जल्द पूरा कराया जाए, ताकि परियोजना का टेंडर जारी हो सके और निर्माण कार्य शुरू हो सके।
इस संबंध में भेजे गए पत्र की प्रतिलिपि छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर जोन के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश, डीआरएम राजमल खोईवाल, कलेक्टर संतन देवी जांगड़े, नोडल अधिकारी एवं अपर कलेक्टर अनिल सिदार तथा मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) बिलासपुर को भी आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित की गई है।
Manendragarh Railway Project, Vijay Prakash Patel, PM Narendra Modi, Railway Tender, Forest Land Diversion, Parivesh Portal, Bilaspur Railway Division, Manendragarh News, Chhattisgarh Railway News, Rail Project Update




पाठकों की टिप्पणियां 0