प्रदेश स्तरीय महासम्मेलन में मुख्यमंत्री की घोषणा, कैशलेस इलाज और बीमा सुविधाओं से भी मिलेगा लाभ,
रायपुर। छत्तीसगढ़ के राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) कर्मचारियों के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बड़ी राहत का ऐलान किया है। राजधानी रायपुर के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित एनएचएम कर्मचारी संघ के प्रदेश स्तरीय महासम्मेलन में मुख्यमंत्री ने 33 दिनों की हड़ताल अवधि का वेतन देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि एनएचएम कर्मचारी प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ हैं और दूरस्थ व दुर्गम क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों ने अपनी जान की परवाह किए बिना लोगों की सेवा कर मानवता की मिसाल पेश की थी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि बस्तर सहित प्रदेश के कई दुर्गम इलाकों में स्वास्थ्य कर्मी आज भी पैदल चलकर और नदी-नाले पार कर लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचा रहे हैं। उन्होंने “मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान” का उल्लेख करते हुए कहा कि अब तक बस्तर क्षेत्र की लगभग 90 प्रतिशत आबादी की स्वास्थ्य जांच की जा चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं का तेजी से विस्तार हुआ है। नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना, डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की भर्ती तथा स्वास्थ्य ढांचे के सुदृढ़ीकरण से आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि जशपुर से लेकर सुकमा तक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने में एनएचएम कर्मचारियों का अहम योगदान है। उन्होंने बताया कि एनएचएम कर्मचारियों की कई मांगों को पूरा किया जा चुका है तथा स्थानांतरण नीति भी लागू कर दी गई है।
स्वास्थ्य मंत्री ने घोषणा की कि एनएचएम कर्मचारियों को अब कैशलेस उपचार योजना का लाभ मिलेगा। साथ ही जीवन बीमा सुविधा के तहत सामान्य मृत्यु पर 6 लाख रुपये, दुर्घटना में मृत्यु अथवा स्थायी दिव्यांगता की स्थिति में 1.40 करोड़ रुपये तक की सहायता प्रदान की जाएगी।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में लगातार कमी दर्ज की जा रही है तथा इस दिशा में 116 नए विशेषीकृत स्वास्थ्य केंद्रों के लिए स्थानों का चयन किया जा चुका है।
मुख्यमंत्री द्वारा हड़ताल अवधि का वेतन देने की घोषणा के बाद कार्यक्रम स्थल पर मौजूद कर्मचारियों ने गजमाला पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा, मुख्यमंत्री के सलाहकार डॉ. धीरेंद्र तिवारी, एनएचएम कर्मचारी संघ के अध्यक्ष डॉ. अमित कुमार मिरी सहित बड़ी संख्या में स्वास्थ्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।




पाठकों की टिप्पणियां 0