लोक शिक्षण संचालनालय ने किया स्पष्ट, सोशल मीडिया पर वायरल संदेश भ्रामक
रायपुर, 13 जून 2026। छत्तीसगढ़ में शैक्षणिक सत्र 2026-27 को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर लोक शिक्षण संचालनालय ने बड़ा स्पष्टीकरण जारी किया है। विभाग ने साफ किया है कि राज्य की सभी शासकीय एवं अशासकीय स्कूलों में नया शैक्षणिक सत्र 16 जून 2026 (मंगलवार) से ही शुरू होगा।
लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा 12 जून 2026 को जारी आधिकारिक पत्र में कहा गया है कि कुछ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर यह भ्रामक सूचना प्रसारित की जा रही है कि स्कूलों का संचालन 1 जुलाई 2026 से प्रारंभ होगा। विभाग ने इस दावे को पूरी तरह असत्य, तथ्यहीन और फर्जी बताया है।
संचालनालय ने स्पष्ट किया है कि विद्यालयों के संचालन की अधिकृत एवं निर्धारित तिथि 16 जून 2026 ही है और इसी दिन से प्रदेशभर के स्कूलों में नियमित शिक्षण कार्य प्रारंभ होगा।
विभाग ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे केवल शिक्षा विभाग द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें तथा सोशल मीडिया पर वायरल अपुष्ट संदेशों और अफवाहों से सावधान रहें।
मुख्य बिंदु:
16 जून 2026 से शुरू होगा नया शैक्षणिक सत्र
1 जुलाई से स्कूल खुलने की खबर फर्जी
लोक शिक्षण संचालनालय ने जारी किया स्पष्टीकरण
अभिभावकों और विद्यार्थियों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील
केवल आधिकारिक सूचना पर ही करें विश्वास




पाठकों की टिप्पणियां 0