टी-20 और वनडे दोनों टीमों की उपकप्तान नियुक्त, मुख्यमंत्री बोले- महक की उपलब्धि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव और प्रेरणा
रायपुर। भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम के आगामी श्रीलंका दौरे के लिए टी-20 एवं वनडे दोनों टीमों की उपकप्तान नियुक्त की गईं राजनांदगांव की युवा क्रिकेटर महक नरवासे ने शनिवार को मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री श्री गिरिराज सिंह और सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर महक का सम्मान किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि महक की उपलब्धि केवल राजनांदगांव या उनके परिवार की नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। उनकी सफलता प्रदेश की बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने विश्वास जताया कि महक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगी।
महक नरवासे ने सम्मान और शुभकामनाओं के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उनके पिता राधेश्याम नरवासे, महापौर मधुसूदन यादव, कोच मनोज तिवारी तथा अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।




पाठकों की टिप्पणियां 0