विधायक अमर अग्रवाल की सीट खतरे में…’, भरे मंच से कृषि मंत्री नेताम ने कही ये बात, Video वायरल

विधायक अमर अग्रवाल की सीट खतरे में…’, भरे मंच से कृषि मंत्री नेताम ने कही ये बात, Video वायरल

 बिलासपुर में आयोजित गोधन योजना के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने मंच से एक टिप्पणी कर सबको चौंका दिया. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री नेताम ने मंच पर मौजूद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का नाम लेते हुए बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल का जिक्र किया.

विधायक अमर अग्रवाल की सीट खतरे में….- अमर अग्रवाल

इस दौरान उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि “कलेक्टर संजय अग्रवाल के आने से तो विधायक अमर अग्रवाल की सीट खतरे में पड़ गई है” मंत्री के इस बयान के बाद कार्यक्रम में कुछ क्षण के लिए अलग ही माहौल बन गया. मंत्री की इस टिप्पणी के बाद मंच पर बैठे कई नेता और अधिकारी एक-दूसरे का चेहरा देखने लगे. वहीं सभा में मौजूद लोगों के बीच हल्की मुस्कान और फुसफुसाहट भी देखने को मिली. हालांकि मंत्री ने यह बात पूरी तरह मजाकिया अंदाज में कही थी, लेकिन उनके इस तंज ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान जरूर अपनी ओर खींच लिया.

CM साय भी थे मौजूद

बिलासपुर में आयोजित इस कार्यक्रम में पशुपालकों का सम्मेलन भी रखा गया था. इसमें बड़ी संख्या में पशुपालक और ग्रामीण शामिल हुए थे. कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद थे. इसके अलावा कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए.

दिसंबर की घटना से जोड़ा जा रहा मामला

मंत्री रामविचार नेताम की इस टिप्पणी को कुछ लोग पिछले साल दिसंबर में हुई एक घटना से जोड़कर भी देख रहे हैं. उस समय एक कार्यक्रम के दौरान आरक्षित कुर्सी को लेकर विधायक अमर अग्रवाल ने सार्वजनिक मंच से बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल के प्रति नाराजगी जाहिर की थी.