LIVEभारत और दुनिया की हर बड़ी खबर
20 Jun 2026
ब्रेकिंग

जिले में पहली बार 180 स्वास्थ्य कर्मियों को मिला NQAS एवं कायाकल्प का प्रशिक्षण, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं पर जोर

जिले में पहली बार 180 स्वास्थ्य कर्मियों को मिला NQAS एवं कायाकल्प का प्रशिक्षण, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं पर जोर
जिले में पहली बार 180 स्वास्थ्य कर्मियों को मिला NQAS एवं कायाकल्प का प्रशिक्षण, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं पर जोर। फोटो: आज का दिन न्यूज़

मनेंद्रगढ़। जिले के शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने तथा राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) एवं कायाकल्प कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे के मार्गदर्शन में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय, मनेंद्रगढ़ में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के विभिन्न सत्रों में जिलेभर से 180 स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।

जिले में पहली बार सभी स्वास्थ्य संस्थानों के विभिन्न संवर्गों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए इस प्रकार का व्यापक प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का मुख्य फोकस NQAS के विभिन्न मानकों पर रहा, जिसमें सेवा प्रदायगी, रोगी अधिकार, नैदानिक सेवाएं, सहायता सेवाएं, इनपुट प्रबंधन, संक्रमण नियंत्रण, गुणवत्ता प्रबंधन, दस्तावेजीकरण, रिकॉर्ड संधारण तथा सतत गुणवत्ता सुधार संबंधी विषयों की विस्तृत जानकारी दी गई।

इसके साथ ही कायाकल्प कार्यक्रम के तहत स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण, जैव-चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन तथा रोगी-अनुकूल वातावरण निर्माण के महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी प्रतिभागियों को प्रशिक्षित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान स्वास्थ्य संस्थानों के आंतरिक एवं बाह्य मूल्यांकन, गैप एनालिसिस, साक्ष्य संधारण, दस्तावेजों की तैयारी, चेकलिस्ट आधारित मूल्यांकन एवं गुणवत्ता संकेतकों की निगरानी पर विशेष जोर दिया गया।

प्रतिभागियों को व्यावहारिक उदाहरणों एवं समूह चर्चाओं के माध्यम से यह समझाया गया कि NQAS केवल प्रमाणन प्राप्त करने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, सुरक्षा एवं मरीज संतुष्टि में निरंतर सुधार की एक प्रभावी प्रणाली है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। NQAS एवं कायाकल्प जैसे कार्यक्रम स्वास्थ्य संस्थानों को अधिक व्यवस्थित, जवाबदेह और रोगी-केंद्रित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान का उपयोग करते हुए गुणवत्ता सुधार की दिशा में निरंतर कार्य करने का आह्वान किया।

जिला नोडल अधिकारी डॉ. नम्रता चक्रवर्ती ने बताया कि आगामी NQAS एवं कायाकल्प आकलनों के लिए स्वास्थ्य संस्थानों को बेहतर रूप से तैयार करने के उद्देश्य से यह प्रशिक्षण आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि पहली बार जिले के सभी प्रमुख संवर्गों के स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को एक साथ प्रशिक्षण देकर गुणवत्ता मानकों की समान समझ विकसित करने का प्रयास किया गया है।

प्रशिक्षण यूनिसेफ राज्य सलाहकार आरएमएनसीएच एवं बाह्य मूल्यांकनकर्ता डॉ. अक्षय शक्ति तिवारी द्वारा प्रदान किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सक, ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर (BPM), अस्पताल प्रबंधक, स्टाफ नर्स, ग्रामीण चिकित्सा सहायक (RMA), सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO), फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन एवं ग्रामीण स्वास्थ्य अधिकारी (RHO) सहित कुल 180 अधिकारी-कर्मचारियों ने सहभागिता की।

यह प्रशिक्षण जिला नोडल अधिकारी डॉ. नम्रता चक्रवर्ती, सहायक जिला नोडल अधिकारी अवनीश पाण्डेय एवं सुश्री लक्ष्मी रजक के समन्वय में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने अपने-अपने स्वास्थ्य संस्थानों में NQAS एवं कायाकल्प के मानकों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण एवं रोगी-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का संकल्प लिया।

यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें

Admin
Admin

Admin

Admin
52 लेख

Admin ने अब तक 52 खबरें प्रकाशित की हैं। पूरी खबरें देखने के लिए प्रोफाइल खोलें।

पाठकों की टिप्पणियां 0