कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ के लिए वर्षा ऋतु में बड़े पैमाने पर होगा ‘सुपोषण वृक्ष–मुनगा’ का पौधरोपण
रायपुर, 18 जून 2026। प्रदेश में कुपोषण की चुनौती से निपटने और जनस्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने ‘सुपोषण वृक्ष–मुनगा’ अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया है। उन्होंने प्रदेश के जनप्रतिनिधियों, ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों और आम नागरिकों से वर्षा ऋतु में बड़े पैमाने पर मुनगा (सहजन) का पौधरोपण करने की अपील की है।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश को सुपोषित बनाने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों एवं हितग्राही परिवारों के घरों में ‘सुपोषण वृक्ष–मुनगा’ लगाने की पहल की जा रही है। इसका उद्देश्य कुपोषण और एनीमिया जैसी समस्याओं को कम करना तथा लोगों को पौष्टिक आहार के प्रति जागरूक बनाना है।
उन्होंने बताया कि मुनगा अत्यंत पौष्टिक और बहुउपयोगी वृक्ष है, जिसके पत्ते, फलियां और अन्य भाग प्रोटीन, कैल्शियम, आयरन, विटामिन-ए एवं विटामिन-सी सहित अनेक आवश्यक पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं। इसी कारण इसे ‘मदर ट्री’ भी कहा जाता है। मुनगा का नियमित सेवन बच्चों, महिलाओं और परिवार के अन्य सदस्यों के पोषण स्तर में सुधार लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
मंत्री ने जनप्रतिनिधियों से जल स्रोतों के आसपास, पंचायत परिसरों, सार्वजनिक स्थलों तथा हितग्राहियों के घरों में मुनगा पौधों का रोपण सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से संचालित यह अभियान ‘सुपोषित छत्तीसगढ़’ के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा और प्रदेश में स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में मदद करेगा।
श्रीमती राजवाड़े ने सभी नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाकर ‘घर-घर मुनगा, हर घर सुपोषण’ के संकल्प को सफल बनाने की अपील की है।SEO Title: घर-घर मुनगा, हर घर सुपोषण: मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने किया जनआंदोलन का आह्वान




पाठकों की टिप्पणियां 0