जवाहर उत्कर्ष योजना 2026-27 : प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के
कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु आवेदन प्रक्रिया शुरू, 7 अगस्त को होगी परीक्षा
मनेंद्रगढ़ । कार्यालय कलेक्टर (आदिवासी विकास) मनेन्द्रगढ़- चिरमिरी- भरतपुर द्वारा मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना (पूर्व में जवाहर उत्कर्ष योजना) अंतर्गत वर्ष 2026-27 में कक्षा 6 वीं में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली चयन परीक्षा की समय-सारणी जारी कर दी गई है।
आदिवासी विकास विभाग द्वारा जारी सूचना के अनुसार विद्यार्थियों के चयन हेतु प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया जाएगा, जिसके माध्यम से योग्य एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को योजना का लाभ प्रदान किया जाएगा।
विभाग ने परीक्षा से संबंधित सभी दिशा-निर्देश, आवेदन प्रक्रिया एवं तिथियों की जानकारी जारी करते हुए विद्यार्थियों और पालकों से समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने की अपील की है।
20 जून से शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया
जारी कार्यक्रम के अनुसार विद्यार्थी 20 जून 2026 तक अपने आवेदन पत्र विद्यालय में जमा कर सकेंगे। इसके बाद विद्यालय प्रमुख द्वारा विद्यार्थियों के आवेदन संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय को प्रेषित किए जाएंगे।
खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा संकुलवार आवेदनों की सूची तैयार कर जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय को भेजी जाएगी। वहीं सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कार्यालय द्वारा राज्य कार्यालय को आवेदन संख्या जिला विकासखंडवार भेजी जाएगी।
24 जुलाई को जिला मुख्यालय में बांटे जाएंगे प्रवेश पत्र
प्रवेश परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को प्रवेश पत्र 24 जुलाई 2026 को जिला मुख्यालय से वितरित किए जाएंगे। जानकारी के अनुसार सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कार्यालय से अधिकृत प्रतिनिधि प्रश्न पत्र प्राप्त करेंगे तथा नव रायपुर अटल नगर से उन्हें सुरक्षित तरीके से जिला मुख्यालय लाया जाएगा।
7 अगस्त को आयोजित होगी परीक्षा
जिला स्तर एवं विकासखंड स्तर पर परीक्षा का आयोजन 26 जुलाई 2026 को किया जाएगा। परीक्षा परिणाम 27 जुलाई 2026 को जिला स्तर पर संकलित कर दावा-आपत्ति प्राप्त किए जाएंगे।
दावा-आपत्ति निराकरण की अंतिम तिथि 3 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। इसके बाद राज्य मुख्यालय द्वारा अंतिम मेरिट सूची जारी की जाएगी तथा कक्षा 6 वीं की प्रवेश परीक्षा 7 अगस्त 2026, शुक्रवार को आयोजित होगी। परीक्षा से संबंधित विस्तृत सूचना अलग से जारी की जाएगी।
वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी पूरी जानकारी
आदिवासी विकास विभाग ने बताया कि योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी विभागीय वेबसाइट www.tribal.cg.gov.in एवं जिला कार्यालय की वेबसाइट https://manendragarh-chirmiri-bharatpur.cg.gov.in/en/notice_category/recruitment/ पर उपलब्ध रहेगी।
सहायक आयुक्त आदिवासी विकास मनेन्द्रगढ़- चिरमिरी- भरतपुर ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से समय-सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करने तथा विभागीय दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
Aaj ka din