ग्राम मालखरौदा निवासी गोविंद राम टंडन को मिली निःशुल्क मोटराइज्ड ट्राइसायकल
ट्राइसायकल से दिव्यांग कर्मचारी का आवागमन हुआ आसान
कलेक्टर अमृत विकास तोपनो द्वारा जिले के विभिन्न विभागों अंतर्गत संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जरूरतमंद और पात्र हितग्राहियों को ज्यादा से ज्यादा लाभांवित कराने के निर्देश दिए गए हैं। जिसके तहत समाज कल्याण विभाग अंतर्गत संचालित जनहितकारी योजनाओं से जिले के विभिन्न दिव्यांगजनो की जिंदगी बदल रही हैं। समाज कल्याण विभाग अंतर्गत संचालित निःशुल्क सहायक उपकरण प्रदाय योजना के तहत तहसील मालखरौदा के ग्राम मालखरौदा निवासी श्री गोविंद राम टंडन, पिता गुलाब दास टंडन, उम्र 45 वर्ष, जो दोनों पैरों से 50 प्रतिशत अस्थि बाधित दिव्यांग हैं, को निःशुल्क मोटराइज्ड ट्राइसायकल प्रदान की गई। श्री टंडन शासकीय मिडिल स्कूल मालखरौदा में स्वीपर के पद पर कार्यरत हैं। श्री टंडन ने बताया कि दिव्यांगता के कारण उन्हें प्रतिदिन कार्यस्थल आने-जाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। मोटराइज्ड ट्राइसायकल मिलने से अब उनका आवागमन सुगम हो गया है और वे अपने दैनिक कार्य भी आसानी से कर पा रहे हैं। सहायक उपकरण प्राप्त होने पर उनके चेहरे पर खुशी स्पष्ट झलक रही थी। उन्होंने कहा कि ट्राइसायकल के माध्यम से अब कार्य हेतु आवागमन सरल हो गया है तथा रोजमर्रा के काम भी सुचारू रूप से कर पा रहे हैं। इस सहयोग के लिए श्री गोविंद राम टंडन ने कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो एवं समाज कल्याण विभाग के प्रति सहृदय आभार व्यक्त किया।
Aaj ka din 












