कांग्रेस 17 मार्च को करेगी छत्तीसगढ़ विधानसभा का घेराव, सचिन पायलट समेत कई बड़े नेता होंगे शामिल

कांग्रेस 17 मार्च को करेगी छत्तीसगढ़ विधानसभा का घेराव, सचिन पायलट समेत कई बड़े नेता होंगे शामिल

छत्तीसगढ़ कांग्रेस 17 मार्च को मनरेगा बचाओ संग्राम, बिजली बिल बढ़ोतरी, धान खरीदी में अनियमितता और एलपीजी की किल्लत समेत कई मुद्दों को लेकर विधानसभा का घेराव करेगी. इस प्रदर्शन में कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट शामिल होंगे. उनके साथ प्रदेश कांग्रेस के कई बड़े चेहरे शामिल होंगे.

दोपहर 12 बजे करेंगे घेराव

प्रदेश कांग्रेस प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू ने शनिवार (14 मार्च) को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस प्रदर्शन की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि जिले और विधानसभा के अनुसार प्रभारियों की नियुक्तियां की जा चुकी हैं. राज्य के अलग-अलग शहरों से कांग्रेस कार्यकर्ता इस घेराव प्रदर्शन में शामिल होगा और डबल इंजन की सरकार के खिलाफ हल्ला बोलेगा. विधानसभा घेराव की जानकारी देते हुए कहा कि कार्यकर्ता रायपुर के भारत माता चौक पर इकट्ठा होंगे, इसके बाद दोपहर 12 बजे विधानसभा के लिए कूच करेंगे.

सुशील आनंद शुक्ला ने साधा निशाना

कांग्रेस के प्रदेश संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार समाचार पत्रों और सोशल मीडिया पर विज्ञापन देकर दावा कर रही है कि एलपीजी की सप्लाई सामान्य है. फिर गैस एजेंसियों में भीड़ क्यों दिख रही हैं? बुकिंग लेना क्यों बंद कर दिया गया? आम आदमी अपना काम-धाम छोड़कर लाइन में खड़ा हुआ है. देश में पिछले 12 साल से पीएम मोदी की सरकार है, लेकिन देश में एक भी तेल का भंडार नहीं बना पाए.