28 जून 2026
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने गुजरात के गांधीनगर में पीएम फैमिली केयर ट्रैकर पायलट प्रोजेक्ट का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई और पोषण किट का वितरण भी किया। कार्यक्रम में गुजरात के मुख्यमंत्री श्री भूपेन्द्र पटेल और केन्द्रीय गृह सचिव श्री गोविंद मोहन सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
अपने संबोधन में केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि आजादी के बाद जब भी भारत का इतिहास लिखा जाएगा, उसके दो हिस्से होंगे। पहला हिस्सा वर्ष 2014 से पहले का भारत और दूसरा हिस्सा 2014 के बाद का भारत होगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में देश की जनता ने श्री नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री के रूप में चुना, जिसके बाद देश के हर क्षेत्र में बड़ा बदलाव आया है। प्रधानमंत्री मोदी ने देश के सर्वांगीण और सर्वस्पर्शी विकास की एक नई परिभाषा गढ़ी है। सरकार ने न केवल दीर्घकालीन नीतियां बनाईं बल्कि उनकी निरंतर मॉनिटरिंग कर उन्हें प्रभावी ढंग से जमीन पर उतारा।
श्री अमित शाह ने कहा कि पीएम फैमिली केयर ट्रैकर के माध्यम से शासन को ट्रैक करने का एक बड़ा कार्य शुरू हो रहा है। इस पूरे डेटाबेस को जन्म और मृत्यु के आंकड़ों के साथ जोड़कर हर बच्चे को एक यूनिक आईडी और नंबर दिया जाएगा। इसी ट्रैकर के माध्यम से सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लाभार्थियों तक स्वतः और समय पर पहुंचेगा। यह ट्रैकर लाभार्थी की पहचान करने, सरकारी पहुंच बढ़ाने और योजनाओं की डिलीवरी में आने वाली प्रमुख चुनौतियों का समाधान करेगा। इसके तहत एक एकीकृत निगरानी प्रणाली बनेगी, जिससे जरूरतमंदों की पहचान कर उन तक योजनाओं का प्रभावी लाभ सुनिश्चित किया जा सकेगा।
गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के करोड़ों गरीबों के जीवन स्तर को ऊपर उठाने के लिए समग्र प्रयास किए गए हैं। मोदी सरकार ने डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर यानी डीबीटी की शुरुआत कर गरीब कल्याण के एक नए और पारदर्शी युग की नींव रखी, जिससे आज भेजी जाने वाली पूरी राशि सीधे गरीबों तक पहुंच रही है। सरकार ने मात्र 12 वर्षों में गरीबों की पीढ़ियों से चली आ रही समस्याओं को सुलझाया है और उन्हें पक्का घर, बिजली, नल से जल, शौचालय, गैस सिलेंडर, पांच किलो मुफ्त अनाज और पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज जैसी बुनियादी सुविधाएं प्रदान की हैं।
स्वास्थ्य क्षेत्र में हुए बदलावों का जिक्र करते हुए श्री अमित शाह ने कहा कि देश में डॉक्टरों की संख्या बढ़ाने से लेकर हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने और आयुष के माध्यम से पारंपरिक पद्धतियों को पुनर्जीवित करने का काम किया गया है। अब इन सभी स्वास्थ्य और कल्याणकारी पहलों की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए ही पीएम फैमिली केयर ट्रैकर की शुरुआत की गई है।

पाठकों की टिप्पणियां 0