सुशासन के दो साल: मुख्यमंत्री साय ने बगिया में प्रस्तुत किया उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड, प्रदेश के विकास का 'विजन 2047' साझा किया

Rishi thawait aajkadin

सुशासन के दो साल: मुख्यमंत्री साय ने बगिया में प्रस्तुत किया उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड, प्रदेश के विकास का 'विजन 2047' साझा किया

छत्तीसगढ़ निर्माण के 25वें वर्ष में स्वर्णिम युग की ओर अग्रसर प्रदेश; प्रधानमंत्री मोदी की हर 'गारंटी' हो रही पूरी

जशपुरनगर/बगीचा (30 दिसंबर 2025): छत्तीसगढ़ में सुशासन सरकार के सफलतम दो वर्ष पूर्ण होने पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज अपने निज निवास 'बगिया' में जनसमूह और मीडिया प्रतिनिधियों को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने रिमोट का बटन दबाकर सरकार की दो साल की उपलब्धियों पर आधारित एक विशेष वीडियो डॉक्यूमेंट्री का विमोचन भी किया।

​मुख्यमंत्री ने गौरव के साथ कहा कि जहाँ पूर्ववर्ती सरकार ने 36 वादे कर जनता को छला, वहीं हमारी सरकार ने शपथ लेते ही प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को प्राथमिकता से पूरा करना शुरू कर दिया।

किसानों और गरीबों के लिए समर्पित सरकार

​मुख्यमंत्री ने बताया कि 14 दिसंबर 2023 की पहली कैबिनेट बैठक में ही 18 लाख गरीब परिवारों के लिए पीएम आवास स्वीकृत किए गए, जिनमें से 8 लाख पूर्ण हो चुके हैं। किसानों के हित में 3100 रुपये मूल्य पर 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी और लंबित बोनस का भुगतान कर सरकार ने अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। तेंदूपत्ता संग्राहकों को अब 5500 रुपये प्रति मानक बोरा का लाभ मिल रहा है।

महतारी वंदन: सशक्तिकरण की नई इबारत

​70 लाख महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये की सहायता दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने रायगढ़ का उदाहरण देते हुए बताया कि कैसे ग्रामीण महिलाएं महतारी वंदन की राशि से चंदा कर भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण करा रही हैं, जो इस योजना की सफलता का प्रतीक है।

नक्सलवाद का खात्मा और 'नियद नेल्लानार'

​मुख्यमंत्री ने संकल्प दोहराया कि 31 मार्च 2026 तक प्रदेश से नक्सलवाद को पूरी तरह समाप्त कर दिया जाएगा। 'नियद नेल्लानार' योजना के माध्यम से 400 से अधिक गांवों तक बिजली, पानी और सड़क पहुंचाई गई है। बस्तर क्षेत्र में सवा लाख करोड़ रुपये का निवेश कर विकास की नई गंगा बहाई जाएगी।

उद्योग, रोजगार और स्किल डेवलपमेंट

​प्रदेश में 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के एमओयू (MoU) हुए हैं।

  • नवाचार: सिलिकॉन वैली की तर्ज पर माइक्रो-चिप्स निर्माण परियोजना।
  • नियुक्तियां: अब तक 15 हजार से अधिक सरकारी भर्तियां की जा चुकी हैं और जल्द ही 5000 शिक्षकों की भर्ती की जाएगी।
  • विशेष प्रोत्साहन: नक्सल प्रभावित युवाओं को उद्योग के लिए मात्र 1 रुपये प्रति एकड़ की दर से भूमि दी जाएगी।

जनजातीय गौरव और अंतरराष्ट्रीय पहचान

  • धरती आबा योजना: 80 हजार करोड़ की इस योजना से छत्तीसगढ़ के 6691 जनजातीय गांवों का कायाकल्प हो रहा है।
  • विश्व पटल पर पहचान: बस्तर का धुर्मारास गांव विश्व के 20 सर्वश्रेष्ठ पर्यटन गांवों में शामिल हुआ है। अबूझमाड़ के बच्चे मलखंभ में देश-विदेश में नाम रोशन कर रहे हैं।
  • प्रथम पुरस्कार: 'धरती आबा' और 'प्रधानमंत्री जनमन' योजना के बेहतरीन क्रियान्वयन के लिए छत्तीसगढ़ को केंद्र सरकार से प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ है।

जशपुर को बड़ी सौगातें

​मुख्यमंत्री ने जिले के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाओं की प्रगति बताई:

  • ​14 जनवरी से फरसाबहार में सत्य साईं हृदय चिकित्सा यूनिट शुरू होगी (निःशुल्क उपचार)।
  • ​जशपुर में मेडिकल कॉलेज, आर्चरी अकादमी, नर्सिंग और फिजियोथेरेपी कॉलेज की स्थापना।
  • ​हर्राडांड में विद्युत इकाई और शहर में 'नालंदा परिसर' का विकास।

​इस ऐतिहासिक अवसर पर पत्थलगांव विधायक श्रीमती गोमती साय, श्री प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।