भारत-अमेरिका व्यापार पर रायपुर में मंथन, छत्तीसगढ़ के कृषि उत्पादों को वैश्विक बाजार दिलाने पर फोकस
रायपुर। भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक संबंधों को और मजबूत बनाने तथा निर्यात की संभावनाओं का आकलन करने के उद्देश्य से राज्यसभा सांसद डोला सेन की अध्यक्षता में वाणिज्य संबंधी संसदीय स्थायी समिति की महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को रायपुर में आयोजित हुई। बैठक में छत्तीसगढ़ सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों, निवेश, निर्यात-आयात और आर्थिक सहयोग से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक का मुख्य उद्देश्य भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक संबंधों का मूल्यांकन करते हुए विभिन्न हितधारकों और विभागीय अधिकारियों से सुझाव प्राप्त करना तथा एक व्यापक एवं तथ्याधारित रिपोर्ट तैयार करना रहा। समिति ने विशेष रूप से कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की।
चर्चा के दौरान कृषि आधारित उद्योगों, खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र, मूल्य संवर्धन, निर्यात संवर्धन योजनाओं और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में छत्तीसगढ़ के उत्पादों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। समिति ने यह जानने का प्रयास किया कि राज्य में उपलब्ध संसाधनों और उत्पादन क्षमता का उपयोग कर वैश्विक बाजारों में किस प्रकार बेहतर अवसर हासिल किए जा सकते हैं।
राज्य शासन के अधिकारियों ने समिति को बताया कि कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाओं और नीतिगत पहलों पर काम किया जा रहा है। इसके साथ ही निवेश आकर्षित करने, मूल्य संवर्धन को प्रोत्साहित करने तथा नए व्यापारिक अवसरों के सृजन के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई।
बैठक में निर्यात क्षमता के बेहतर उपयोग, किसानों और कृषि आधारित उद्योगों को वैश्विक बाजारों से जोड़ने तथा अमेरिका सहित अन्य अंतरराष्ट्रीय बाजारों में छत्तीसगढ़ के उत्पादों की पहुंच बढ़ाने के उपायों पर भी विचार-विमर्श हुआ। समिति ने राज्य में उपलब्ध संभावनाओं और चुनौतियों का आकलन करते हुए भविष्य की रणनीतियों पर चर्चा की।
बैठक में संसदीय स्थायी समिति के कई सदस्य सांसद उपस्थित रहे। वहीं छत्तीसगढ़ शासन की ओर से अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सचिव अंकित आनंद, सीएसआईडीसी के प्रबंध संचालक विश्वेश झा, कृषि विभाग के संचालक राहुल देव सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि कृषि और फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र में मूल्य संवर्धन, गुणवत्ता मानकों और निर्यात अवसंरचना को और मजबूत किया जाए तो छत्तीसगढ़ आने वाले वर्षों में अंतरराष्ट्रीय व्यापार के क्षेत्र में नई पहचान बना सकता है। इसी दिशा में संसदीय समिति का यह अध्ययन दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



पाठकों की टिप्पणियां 0