मोहला : पद्म पुरस्कार 2027 के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू, 15 जुलाई अंतिम तिथि
मोहला 6 मई 2026
भारत सरकार द्वारा वर्ष 2027 के गणतंत्र दिवस अवसर पर दिए जाने वाले प्रतिष्ठित पद्म पुरस्का—पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री—के लिए नामांकन प्रक्रिया 15 मार्च 2026 से प्रारंभ हो गई है। सरकार ने आमजन से अपील की है कि वे समाज के ऐसे गुमनाम और अनछुए नायकों को सामने लाएं, जो विभिन्न क्षेत्रों में निस्वार्थ भाव से उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं।
सरकार की मंशा है कि इन पुरस्कारों के माध्यम से सुदूर वनांचल, ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से ऐसे प्रतिभाशाली व्यक्तियों की पहचान की जाए, जिन्होंने समाज सेवा, कला, शिक्षा, खेल, चिकित्सा, विज्ञान एवं इंजीनियरिंग जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
साथ ही अधिकारियों को अपने क्षेत्र में विशेष प्रतिभाओं की पहचान करने के निर्देश दिए गए हैं। इसमें विशेष रूप से महिलाओं, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, दिव्यांगजन और दूरदराज के क्षेत्रों में कार्यरत लोगों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया है। व्यक्तिगत नामांकन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे, जिसके लिए भारत सरकार का राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल निर्धारित किया गया है।
जिला कलेक्टर के माध्यम से अनुशंसा सहित योग्य व्यक्तियों के नामांकन प्रस्ताव 15 जुलाई 2026 तक संबंधित विभाग को अनिवार्य रूप से भेजे जाने हैं। सरकार ने समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे अपने आसपास के योग्य और प्रेरणादायक व्यक्तित्वों की पहचान कर उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिलाने में सहयोग करें।
Aaj ka din