रायपुर, 22 जून 2026
गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले की ग्रामीण महिलाओं द्वारा जैविक तरीके से तैयार किया गया प्रसिद्ध विष्णुभोग चावल अब राजधानी रायपुर तक अपनी खुशबू और पहचान पहुंचाने लगा है।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री राजा उपेन्द्र बहादुर सिंह ने उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव को अरपा बिहान महिला स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा उत्पादित इस विशेष जैविक चावल की भेंट दी।
श्री उपेन्द्र बहादुर सिंह ने उप मुख्यमंत्री को जिले में महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा संचालित विभिन्न आजीविका गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्थानीय पारंपरिक कृषि उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विष्णुभोग धान का जैविक उत्पादन, प्रसंस्करण और विपणन किया जा रहा है। इस पहल से ग्रामीण महिलाओं को रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं और उनकी आय में लगातार वृद्धि हो रही है।
महिला समूह न केवल गुणवत्ता और शुद्धता पर ध्यान दे रहे हैं, बल्कि उत्पादों की पैकेजिंग, ब्रांडिंग और विपणन पर भी विशेष जोर दे रहे हैं, जिससे बाजार में इनकी मांग बढ़ती जा रही है।
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने महिला स्व-सहायता समूहों की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण महिलाओं के ऐसे प्रयास आत्मनिर्भरता और आर्थिक सशक्तिकरण के प्रेरणादायी उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पाद ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की कृषि पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित कर रहे हैं। श्री साव ने महिला समूहों और जिला प्रशासन को शुभकामनाएं दीं।
यह पहल ग्रामीण उद्यमिता, महिला सशक्तिकरण और स्थानीय कृषि उत्पादों के संवर्धन का बेहतरीन मॉडल बनकर उभर रही है।




पाठकों की टिप्पणियां 0