लापरवाही पर सख्त हुए कलेक्टर: खराब परीक्षा परिणाम और अनुशासनहीनता पर 4 प्राचार्यों को 'शो-काज' नोटिस, निलंबन की चेतावनी
ऋषि थवाईत आज का दिन
जशपुरनगर | 02 जनवरी 2026
जशपुर कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने शिक्षा की गुणवत्ता और बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी को लेकर कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। 'यशस्वी जशपुर' कार्यक्रम के तहत आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षा के क्षेत्र में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार भी उपस्थित रहे।
इन स्कूलों के प्राचार्यों पर गिरी गाज
बैठक के दौरान शासकीय कार्यों में लापरवाही, खराब परीक्षा परिणाम और अनुशासनहीनता पाए जाने पर कलेक्टर ने निम्नलिखित स्कूलों के प्राचार्यों को कारण बताओ (Show-Cause) नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं:
- हायर सेकेंडरी स्कूल, तपकरा
- हायर सेकेंडरी स्कूल, सिमडा
- इंदिरा गांधी कन्या हायर सेकेंडरी, पत्थलगांव
- सेजेस (स्वामी आत्मानंद स्कूल), कुनकुरी
कलेक्टर ने सख्त लहजे में कहा कि यदि समय-सीमा के भीतर संतोषजनक जवाब प्राप्त नहीं हुआ, तो सीधे निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।
बोर्ड परीक्षा में 'शत-प्रतिशत' परिणाम का लक्ष्य
बैठक में कक्षा 10वीं और 12वीं के छमाही परीक्षा परिणामों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि:
- कमजोर छात्र: पिछड़ने वाले विद्यार्थियों के लिए विशेष उपचारात्मक कक्षाएं लगाई जाएं।
- मेरिट लिस्ट: होनहार छात्रों को मेरिट में स्थान दिलाने के लिए विशेष रणनीति पर काम हो।
- नोडल अधिकारी: प्रत्येक विद्यालय की सतत मॉनिटरिंग के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी।
- पालक संपर्क: अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों के अभिभावकों से नियमित चर्चा कर उपस्थिति बढ़ाई जाए।
तैयारी का नया ब्लूप्रिंट: 'यशस्वी जशपुर' की रणनीति
यशस्वी जशपुर के नोडल अधिकारी विनोद गुप्ता ने बताया कि आगामी प्री-बोर्ड और मुख्य बोर्ड परीक्षाओं के लिए विशेष योजना तैयार की गई है। अब स्कूलों में:
- बोर्ड के ब्लूप्रिंट के आधार पर अध्यापन होगा।
- अंकों के आधार पर उत्तर लिखने का सघन अभ्यास कराया जाएगा।
- प्रतिदिन तीन विषयों के लिए डेढ़-डेढ़ घंटे के विशेष कालखंड निर्धारित किए गए हैं।
बैठक में अन्य महत्वपूर्ण निर्देश
कलेक्टर ने शैक्षणिक कार्यों के अलावा प्रशासनिक कार्यों जैसे अपार आईडी (APAAR ID) निर्माण की प्रगति और विद्यालयों के इनऑपरेटिव बैंक खातों को तत्काल सक्रिय करने की भी समीक्षा की।
बैठक में समस्त विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO), एबीईओ, सांख्यिकी अधिकारी किशोर केरकेट्टा और यशस्वी जशपुर टीम के सदस्य सहित जिले भर के प्राचार्य उपस्थित थे।













