30 जून तक कर सकेंगे आवेदन, शिक्षा के साथ आवास, भोजन, पुस्तकें और चिकित्सा सुविधा पूरी तरह निःशुल्क,
मनेंद्रगढ़ । विशेष पिछड़ी जनजाति बिरहोर (बैगा) समुदाय के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकासखंड भरतपुर के नौढ़िया स्थित विशेष पिछड़ी जनजाति (बैगा) आवासीय विद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 1 ली एवं 6 वीं में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। विद्यालय में कक्षा 1ली और 6वीं में बालक एवं बालिका वर्ग के लिए निर्धारित सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा।
सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग द्वारा जारी सूचना के अनुसार इच्छुक एवं पात्र विद्यार्थियों के पालक 30 जून 2026 तक निर्धारित आवेदन पत्र भरकर कार्यालय सहायक आयुक्त आदिवासी विकास, मनेन्द्रगढ़- चिरमिरी- भरतपुर अथवा कार्यालय मंडल संयोजक, विकासखंड भरतपुर में जमा कर सकते हैं। आवेदन पत्र संबंधित कार्यालयों से प्राप्त किए जा सकते हैं तथा जिले की आधिकारिक वेबसाइट https://manendragarh-chirmiri-bharatpur.cg.gov.in/
से भी डाउनलोड किए जा सकते हैं। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।
विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों को आवासीय सुविधा के साथ पौष्टिक भोजन, नाश्ता, गणवेश, टी-शर्ट, शॉट्स, जूते-मोजे, स्वेटर, टाई-बेल्ट, पाठ्य पुस्तकें, कॉपियां, खेल सामग्री, चिकित्सा सुविधा एवं पुस्तकालय जैसी अनेक सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं। इससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और सर्वांगीण विकास का अवसर मिलता है।
आदिवासी विकास विभाग ने बिरहोर समुदाय के पात्र बच्चों के अभिभावकों से समय सीमा के भीतर आवेदन प्रस्तुत कर इस महत्वपूर्ण शैक्षणिक अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।


पाठकों की टिप्पणियां 0