बरसात से पूर्व अधोसंरचना कार्यों में तेजी लाकर समय-सीमा में पूर्ण करें कार्य : कलेक्टर श्री रोहित व्यास,,,
कलेक्टर ने क्रेडा, सीएसपीडीसीएल एवं पीएमजीएसवाई के कार्यों की समीक्षा की,
जशपुरनगर, 19 मई 2026/ कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने सोमवार को कलेक्टरेट सभाकक्ष में सीएसपीडीसीएल, क्रेडा तथा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना संभाग पत्थलगांव की समीक्षा बैठक लेकर विभागीय कार्यों की प्रगति का विस्तार से जायजा लिया। बैठक में उन्होंने विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए पूर्ण, अपूर्ण, प्रारंभ एवं अप्रारंभ कार्यों की समीक्षा की तथा सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। बैठक में कलेक्टर ने अधोसंरचना से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि बरसात का मौसम प्रारंभ होने से पूर्व सभी निर्माण कार्यों में गति लाएं, ताकि समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण हो सकें।
बैठक में कलेक्टर श्री व्यास ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से स्वीकृत कार्यों एवं जिले में संचालित विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी विद्युत परियोजनाओं को तय समय-सीमा में पूर्ण करें, ताकि दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को भी निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति आसानी से सुनिश्चित हो सकेगी। साथ ही जिन बसाहटों तक अभी तक विद्युत सुविधा नहीं पहुंच पाई है, वहां विशेष कार्ययोजना बनाकर शीघ्र कार्य करना सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया, जिससे कोई भी क्षेत्र विकास से वंचित न रहे। कलेक्टर ने क्रेडा विभाग द्वारा जल जीवन मिशन अंतर्गत संचालित कार्यों की भी समीक्षा की तथा सभी कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पेयजल से जुड़ी योजनाएं आमजन से सीधे जुड़ी हैं, इसलिए इन कार्यों में गुणवत्ता एवं समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना संभाग पत्थलगांव की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों से विभाग अंतर्गत संचालित सड़कों एवं निर्माण कार्यों की जानकारी ली और बरसात से पूर्व कार्यों में और अधिक तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क संपर्क से आमजन को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा विकास गतिविधियों को भी गति प्राप्त होगी। साथ ही उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने एवं नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। बैठक में संबंधित विभाग के अधिकारीगण मौजूद रहे।
Aaj ka din