बलौदाबाजार में आयोजित 'जिला स्तरीय तिलहन मेला सह जैविक कृषि कार्यशाला' में सरकार की किसान हितैषी योजनाओं पर चर्चा; किसानों और मछुआरों को मिले कृषि आदान
रायपुर, 25 जून 2026
अगर हमें अपनी आने वाली पीढ़ी को एक स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य देना है, तो रासायनिक खादों की अंधी दौड़ से बाहर निकलना होगा। धरती की उर्वरा शक्ति को बचाने और मानव स्वास्थ्य को संवारने का एकमात्र रास्ता जैविक और प्राकृतिक खेती ही है। यह विचार छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम ने भाटापारा के शासकीय गजानन्द अग्रवाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित 'जिला स्तरीय तिलहन मेला सह जैविक कृषि कार्यशाला' के दौरान व्यक्त किए।
कार्यक्रम में राजस्व मंत्री श्री टंक राम वर्मा, राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा और रायपुर लोकसभा सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
रासायनिक खादों के अंधाधुंध उपयोग पर चिंता
कृषि मंत्री श्री नेताम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर 1 से 30 जून तक चलाए जा रहे खेत चलो अभियान का मुख्य उद्देश्य किसानों को पारंपरिक और प्राकृतिक खेती की ओर वापस लाना है। उन्होंने छत्तीसगढ़ के 'धान का कटोरा' होने के गौरव को याद दिलाते हुए आगाह किया कि अधिक उत्पादन की लालसा में रसायनों का अत्यधिक प्रयोग मिट्टी और जन-स्वास्थ्य को गंभीर नुकसान पहुँचा रहा है। उन्होंने किसानों को सलाह दी कि वे केवल फसलों पर निर्भर न रहकर पशुपालन, मछलीपालन और बकरी पालन को अपनाकर अपनी आय के नए स्रोत विकसित करें।
कृषक उन्नति योजना से किसानों को संबल
किसानों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कृषि मंत्री ने बताया कि सरकार ने कृषक उन्नति योजना का विस्तार किया है:
विशेष प्रोत्साहन:अब खरीफ सीजन में धान के स्थान पर दलहन और तिलहन की खेती करने वाले किसानों को 15 हजार रुपए प्रति एकड़ की दर से इनपुट सब्सिडी दी जाएगी।
पशुधन आधारित खेती ही समृद्धि का आधार: राजस्व मंत्री
राजस्व मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने का सपना जैविक खेती से ही संभव है। उन्होंने कहा, "पुराने समय में कृषि का मूल आधार पशुधन था, जिससे पर्यावरण और जमीन दोनों सुरक्षित थे। जैविक खेती से मिट्टी की सेहत सुधरेगी, तभी शुद्ध अन्न प्राप्त होगा और समाज स्वस्थ बनेगा।"
योजनाओं के लाभार्थियों को मिला सीधा लाभ
कार्यशाला के दौरान शासन की कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ पात्र हितग्राहियों को प्रदान किया गया:
कृषि आदान वितरण: 5 किसानों को अरहर बीज किट और 5 किसानों को नैनो यूरिया वितरित किया गया।
मत्स्य पालन प्रोत्साहन: 2 मछुआ समितियों को आधुनिक महाजाल और आइस बॉक्स प्रदान किए गए।
सम्मान: पीएम किसान सम्मान निधि और पीएम आशा योजना में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 5-5 किसानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, जिला पंचायत सीईओ, विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में प्रगतिशील
किसान उपस्थित थे।




पाठकों की टिप्पणियां 0