आज बदल जाएगा छत्तीसगढ़ का मौसम, 3 दिन चलेगी शीतलहर; IMD ने बताया

आज बदल जाएगा छत्तीसगढ़ का मौसम, 3 दिन चलेगी शीतलहर; IMD ने बताया

छत्तीसगढ़ में ठंड का प्रभाव लगातार बना हुआ है। मौसम विभाग ने शीतलहर की संभावना भी जताई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार राज्य के कुछ क्षेत्रों में शीतलहर की स्थिति देखी गई है। मौसम विभाग ने आज आगामी तीन दिनों के दौरान प्रदेश के न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की संभावना जताई है। उत्तर-मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में शीतलहर का असर बना रह सकता है। आइए जानते हैं पूरे छत्तीसगढ़ के मौसम का हाल।

भारतीय मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार दुर्ग जिले के एक-दो स्थानों पर शीतलहर दर्ज की गई। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज हुआ, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। इस दौरान तापमान में तेजी से गिरावट देखने को मिलेगी और तापमान 2 डिग्री सेल्सियस तक जाने की संभावना है।

राजधानी रायपुर में बुधवार को अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से थोड़ा अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो औसत से कम दर्ज किया गया। दिन के समय हल्के बादल छाए रहे, जबकि शाम के समय ठंडक महसूस की गई। हवा की औसत गति लगभग 2 किलोमीटर प्रति घंटा रही।

मौसम विभाग के अनुसार 25 दिसंबर को रायपुर शहर में सुबह के समय कुहासा छाए रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है और कहीं भी वर्षा दर्ज नहीं की गई है। मौसम विभाग ने बताया कि अगले एक से दो दिनों तक भी प्रदेश में बारिश की कोई संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने नागरिकों से ठंड को देखते हुए सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां अपनाने की अपील की है।