एटीएम से चल रहा था नशे का खेल, चिरमिरी पुलिस ने किया बड़ा खुलासा, मास्टरमाइंड समेत पूरा गिरोह गिरफ्तार,,,
हैदराबाद से एटीएम, सरगुजा में सप्लाई, पुलिस ने तोड़ी अंतरराज्यीय नशा तस्करी की पूरी चेन,,,
चिरमिरी। नशे के खिलाफ छेड़ी गई जंग में चिरमिरी पुलिस ने ऐतिहासिक सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय कुख्यात रसल एक्का गैंग का पर्दाफाश कर दिया है। इस कार्रवाई में गिरोह के सभी 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जिससे पूरे नेटवर्क की कमर टूट गई है।
सबसे अहम खुलासा तब हुआ जब पुलिस ने गिरोह की अंतिम कड़ी रंजीत कुमार विश्वकर्मा (40 वर्ष), निवासी नवादा, जिला गढ़वा को गिरफ्तार किया। रंजीत के पास से वैंदला वासु (हैदराबाद) का एटीएम कार्ड बरामद हुआ, जिसके जरिए नशीले इंजेक्शनों के अवैध कारोबार का पैसा लगातार ट्रांजेक्शन के माध्यम से निकाला और संचालित किया जा रहा था।
जांच में सामने आया कि यह एटीएम कार्ड खुद मास्टरमाइंड रसल एक्का ने रंजीत को दिया था और वही इस पूरे काले कारोबार की रकम को मैनेज करता था। इस खुलासे ने नशा तस्करी के पूरे फाइनेंशियल नेटवर्क को उजागर कर दिया।
पूरे ऑपरेशन को पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक झा एवं पुलिस अधीक्षक एमसीबी रत्ना सिंह के निर्देश पर अंजाम दिया गया। चिरमिरी पुलिस ने सुनियोजित रणनीति के तहत एक-एक कर गिरोह के सभी सदस्यों को दबोच लिया।
इस सनसनीखेज मामले की शुरुआत 7 अक्टूबर 2025 को हुई थी, जब पुलिस ने शेख अल्ताफ और किशन रजक को नशीले इंजेक्शन बेचते हुए रंगे हाथों पकड़ा। पूछताछ में मिले सुराग के बाद पुलिस ने शुभम यादव को हिरासत में लिया, जिससे इस नेटवर्क के सरगना रसल एक्का (अंबिकापुर) का नाम सामने आया।
इसके बाद पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए रसल एक्का को रायपुर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने कबूला कि सरगुजा संभाग में नशे की सप्लाई उसी के नेटवर्क के जरिए होती थी। उसकी निशानदेही पर वैंदला वासु (हैदराबाद) और रजत कुमार (सूरजपुर) को भी गिरफ्तार किया गया।
फिलहाल गिरोह के सभी आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं और जिला जेल बैकुंठपुर भेजे जा चुके हैं।
इस बड़ी कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र नायक एवं नगर पुलिस अधीक्षक चिरमिरी श्रीमती दीपिका मिंज के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विजय सिंह के नेतृत्व में गठित टीम की अहम भूमिका रही। टीम में सहायक उप निरीक्षक नईम खान, आरक्षक राजीव रंजन तिवारी, अमित गुप्ता, सचिन खुरसेल एवं सैनिक प्रमोद साहू शामिल रहे।
Aaj ka din 












